उद्देश्य कुमार साहू,
सोनहत। शिक्षक दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला कोरिया, इकाई सोनहत के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों को श्रीफल, पेन एवं डायरी भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।


अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके मार्गदर्शन, समर्पण एवं शिक्षा के प्रति योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। सम्मान कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं अभाविप कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षकों के सम्मान की ऐसी पहल विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संस्कार की भावना को मजबूत करती है।
कार्यक्रम में अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विशाल यादव, नगर सह मंत्री विकास, ऋषभ, सीमा रजवाड़े एवं मनीष कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





