सीपत। (सतीश यादव) – भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को सीपत क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही।रक्षाबंधन को लेकर बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज रहने वाली कई बहनें अपने मायके पहुंचीं, वहीं कई भाई भी बहनों से राखी बंधवाने के लिए उनके घर पहुंचे।

घरों में पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी खुशियों का सदैव ध्यान रखने और उनकी रक्षा का संकल्प लिया।इस दौरान बुआ ने भतीजों की कलाई पर भी राखी बांधकर स्नेह और विश्वास के रिश्ते को मजबूत किया।

बाजारों में राखी और मिठाइयों की खरीदारी को लेकर विशेष चहल-पहल रही। त्योहार के चलते व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई।रक्षाबंधन ने एक बार फिर भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और पारिवारिक रिश्तों की मिठास को मजबूत किया।

क्षेत्रवासियों ने इस पवित्र रिश्ते की परंपरा और आपसी प्रेम को हमेशा बनाए रखने का संकल्प लिया।





