बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नगर निगम के सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। उन्होंने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्महत्या से पहले उन्होंने अपनी कलाई भी काटी थी, जिसके संकेत घटनास्थल पर मिले हैं।सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने अपनी मानसिक परेशानी और तनाव का उल्लेख किया है।बताया जा रहा है कि अमर सिंह चौहान का हाल ही में जगदलपुर स्थानांतरण हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तबादले के बाद वे मानसिक तनाव में थे।

हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और सुसाइड नोट के विस्तृत परीक्षण के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।





