बिलासपुर – ब्रह्माकुमारीज हेमूनगर एवं देवरीखुर्द के तत्वावधान में आयोजित चैतन्य गणेश दर्शन एवं आध्यात्मिक झांकी में श्रीकृष्ण, श्रीगणेश एवं हनुमान जी के चैतन्य स्वरूप आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन दिव्य स्वरूपों के माध्यम से विशेष रूप से आज की युवा पीढ़ी को जीवन में श्रेष्ठ संस्कार, एकाग्रता, बुद्धिमत्ता, साहस, अनुशासन एवं परमात्म स्मृति का संदेश दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में बताया गया कि श्रीगणेश का स्वरूप विवेक, एकाग्रता और विघ्नों पर विजय, श्रीकृष्ण का स्वरूप दिव्य गुणों, प्रसन्नता एवं श्रेष्ठ चरित्र, जबकि हनुमान जी का स्वरूप शक्ति, निष्ठा, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। ब्रह्माकुमारीज की आध्यात्मिक मान्यता के अनुसार इन सभी देवी-देवताओं के दिव्य गुणों के मूल श्रोत निराकार परमपिता परमात्मा शिव हैं, जो राजयोग एवं ईश्वरीय ज्ञान के माध्यम से मनुष्य को श्रेष्ठ और देवतुल्य जीवन बनाने की शिक्षा देते हैं।

लोगों की विशेष उत्सुकता एवं श्रद्धा को देखते हुए चैतन्य दर्शन की अवधि दो दिन और बढ़ा दी गई है। अब 18 सितंबर तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक श्रद्धालु दर्शन का लाभ ले सकेंगे।

इस अवसर पर डायमंड बेकरी के संचालक महेश उभरानी ने श्रद्धापूर्वक आरती की। कार्यक्रम में रेलवे के डीएमएम ओम प्रकाश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और चैतन्य झांकी का अवलोकन किया। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सपरिवार पहुंचकर दर्शन एवं आरती का लाभ लिया।
- Ends ■
