हरदीबाजार:- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार की शिफ्टिंग अब खटाई में पडते हुए नजर आ रही है, पहले हरदीबाजार तहसीलदार अमित केरकेटा अपने दल के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को स्थानांतरित करने पहुंचे थे। जिसका ग्राम वासियों ने निजी भवन शुभम पैलेस में स्थानांतरित करने का खुलकर विरोध किया, इसके संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली रोहित सिंह के द्वारा ग्राम वासियों के साथ तहसील में बैठक की जो सार्थक नहीं रही । अभी स्थिति यह निर्मित हो गई है की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के हालात को देखते हुए साथ ही पीछे आमगांव दर्राखांचा की खाली जमीन पर खनन शुरू करने के लिए एकमात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को हटाना प्रशासन ने कमर कस ली है। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को प्रशासन के द्वारा तहसील परिसर के पुराने तहसील भवन में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है ।

जिसकी जानकारी अधिवक्ता संघ हरदीबाजार को होने पर खुलकर इसका विरोध करना शुरू कर दिया है इसके संबंध में अधिवक्ता संघ हरदीबाजार के द्वारा जिला कलेक्टर कोरबा को एक लिखित ज्ञापन देकर पुराने तहसील भवन में व्यवहार न्यायालय न्यायाधीश वर्ग – 2 की स्थापना के लिए पंचायत व राजस्व विभाग के द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया जा चुका है ।

यदि इस पुराने भवन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को स्थानांतरित किया जाता है तो व्यवहार न्यायालय न्यायाधीश वर्ग-2 के लिए भवन अनुपलब्धता के कारण निरस्त हो जाऐगा।
अधिवक्ता संघ हरदीबाजार की पुरानी मांग हरदीबाजार में व्यवहार न्यायालय न्यायाधीश वर्ग-2 है । जो प्रशासन की मनमानी रवैया की वजह से ध्वस्त होता हुआ नजर आ रहा है,साथ ही अस्पताल के खुलने से परिसर में नाना प्रकार के मरीजों के आने से बीमारी फैलने वह शेष बचे खराब हुई दवाइयां से बीमारी फैलने की भी आशंका बनी रहेगी । अपने पत्र में अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट रूप से मांग रखी है की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पुराने तहसील भवन में स्थानांतरित ना करते हुए उसके लिए अन्यत्र कोई और भवन देख कर स्थानांतरित किया जाए । अधिवक्ता संघ ने पत्र की प्रतिलिपि क्षेत्रीय कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, अनु विभागीय अधिकारी राजस्व पाली, तहसीलदार हरदी बाजार, सरपंच ग्राम पंचायत हरदी बाजार को दी है । अब देखना होगा कि क्या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुराने तहसील भवन में स्थानांतरित हो पाएगा या फिर अधिवक्ताओं के विरोध को देखते हुए अन्यत्र भवन की व्यवस्था प्रशासन के द्वारा की जाएगी ।
- Ends ■
