फरार NDPS आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं,आईजी रामगोपाल गर्ग ने एसपी को दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के

बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित एनडीपीएस प्रकरणों, न्यायालयीन समंस-वारंट की तामीली और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश जारी किए गए।आईजी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन मामलों में आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं, उनके लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में आरोपी की फरारी के दौरान चालान पेश किया जा चुका है, उनमें तत्काल वारंट जारी कराकर उसकी प्रभावी तामीली कराई जाए।

बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अंतर्राज्यीय समन्वय बढ़ाने, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ जानकारी साझा करने, आरोपियों के बैंक खाते, पैन, आधार और मोबाइल सहित तकनीकी व वित्तीय जानकारी जुटाने तथा NATGRID की मदद लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही पहले से गिरफ्तार सह-आरोपियों से पूछताछ कर फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने पर भी जोर दिया गया।आईजी रामगोपाल गर्ग ने न्यायालयीन समंस और वारंट की तामीली में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में गवाहों, डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों को जारी समंस-वारंट की समय पर तामीली सुनिश्चित की जाए। यदि इसमें लापरवाही मिली तो संबंधित थाना प्रभारी और नोडल अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। यदि किसी थाना स्तर पर शिकायत लंबित रहती है और उच्च स्तर पर स्थानांतरित होती है तो संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए।बैठक के अंत में आईजी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशों का स्वयं मॉनिटरिंग करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सराफा बाजारों और पिकेट पॉइंट्स की नियमित जांच जारी रखने तथा अगले माह एनडीपीएस मामलों की पुनः समीक्षा के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एएनटीएफ प्रभारी तथा समंस-वारंट एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शाखा के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Picture of Pinku

Pinku

error: Content is protected !!