उद्देश्य कुमार साहू,
सोनहत/कोरिया, 6 सितंबर 2026।
शिक्षक दिवस के अवसर पर सोनहत ब्लॉक में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह में सेवानिवृत्त एवं कार्यरत शिक्षकों को श्रीफल और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विधायक छात्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।


समारोह के दौरान जिले की 12वीं कक्षा की टॉपर छात्रा रागिनी गुप्ता को स्कूटी तथा 12वीं के टॉपर छात्र त्रिवेंद कुशवाहा को बाइक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मेधावी 10वीं के विद्यार्थियों को लैपटॉप भी पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए।


विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया जा रहा प्रोत्साहित
विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विधायक छात्र गौरव सम्मान की शुरुआत की गई है। जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनमें आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ेगा और अन्य विद्यार्थी भी उनसे प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।
टॉपर विद्यार्थियों के साथ प्राचार्यों का भी सम्मान

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि केवल जिले में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को ही सम्मानित नहीं किया गया, बल्कि जिन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, उन स्कूलों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन का भी उत्साहवर्धन हुआ।
समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।





