कोरबा। जिले के भुलसीडीह गांव में भाजपा किसान मोर्चा मंडल के मंत्री एवं पोल्ट्री फार्म व्यवसायी कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ करने के बाद लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की और 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कपिलेश्वर धीरज को डायल-112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज की निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास दुकान है। बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय गांव के अरुण खांडे, संदीप कुमार और उनके साथियों ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पहले उनकी कार में तोड़फोड़ की गई, फिर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।घायल भाजपा नेता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखे 60 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। हमले के बाद वह बेहोश हो गए, जिन्हें आरोपियों ने मृत समझकर मौके से छोड़ दिया। बाद में राहगीरों ने उन्हें देखा और डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची।

कपिलेश्वर धीरज का कहना है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बाहर से आए मजदूर काम करते हैं और परिसर व आसपास के गांवों में गांजा व अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई हो रही है। उनका आरोप है कि स्थानीय युवाओं और बच्चों को नशे से बचाने के लिए उन्होंने अरुण खांडे और संदीप कुमार को समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज होकर उन पर हमला किया गया।घायल नेता ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी अरुण खांडे एक कांग्रेस नेता का बेटा है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में सरकारी वाहन चालक है। उनके अनुसार संदीप कुमार पद का रौब दिखाकर उन्हें पहले से धमका रहा था।इधर, पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर लिया है। मारपीट और लूट के आरोपों की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





