कोरबा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) कोरबा के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरदीबाजार द्वारा शुक्रवार को कॉलेज चौक में विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने केंद्र सरकार पर छात्रों और छात्राओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि देश में युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता संघर्ष से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आंदोलन करती रहेगी।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कौशल श्रीवास ने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि पूरे देश के लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और “मोदी हटाओ, देश बचाओ” के नारे के साथ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतला छीनने को लेकर कुछ देर तक धक्का-मुक्की और छीना-झपटी भी हुई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

इस दौरान पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, जिला महामंत्री गोपाल यादव, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रभा तंवर, ब्लॉक अध्यक्ष कौशल श्रीवास, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर, ब्लॉक प्रभारी गुलशन जायसवाल, जिला महामंत्री संतोषी पाटले, मंडल अध्यक्ष शेखर पटेल, रामनारायण पटेल, चन्द्रहास राठौर, मुकेश रात्रे, कदम यादव, श्रवण कश्यप, कुलदीप राठौर, हरसेन दास महंत, गगन यादव, फलेश्वर श्रीवास, अनिल पोर्ते, भूपेंद्र चौबे, रवि पटेल, दिलीप राठौर, रमा बिंझवार, रायसिंह तंवर, देवेंद्र यादव (उपसरपंच बसीबार), विक्रम राठौर, बाबूराम राठौर, सरस्वती यादव, सनोबर परवीन, गगन राठौर, परमेश्वर कौशिक, नंदकुमार पटेल, द्वारिका यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





