कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कोरबा जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बोईदा के मंडलपारा चौक में कान्हा समिति द्वारा भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरदीबाजार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कौशल श्रीवास ने श्रीफल तोड़कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान पूर्व पंच राजकुमार मरावी, पंच सुदामा बलदेव जगत,शेखर पटेल,रघुवर कंवर,केतन मरावी,तुलाराम ओटी,वाशु पटेल,दिशा,पूर्वी,सहित कान्हा समिति के सदस्यों ने पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच मटकी फोड़ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ।जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा मंडलपारा चौक गूंज उठा। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा आयोजन में शामिल हुए।कान्हा समिति द्वारा प्रतियोगिता को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। युवाओं में मटकी फोड़ने को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। समिति के सदस्यों एवं युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बोईदा के मंडलपारा चौक में आयोजित इस भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण माहौल से सराबोर कर दिया।





