कोरबा। ग्राम पंचायत मुरली में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जय बजरंग मित्र मंडल समिति मुरली द्वारा भव्य समूह मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। समिति ने इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों को सादर आमंत्रित किया है।प्रतियोगिता में ग्रुप एंट्री फीस 351 रुपये निर्धारित की गई है। विजेता समूह को 7,001 रुपये नकद एवं मेडल प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा महिला अंधा मटकी फोड़ प्रतियोगिता के विजेता को 701 रुपये, जबकि बालिका एवं बालक अंधा मटकी फोड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को 501-501 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।आयोजन में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल,जनपद सदस्य अंजली कौशल श्रीवास,सरपंच शंकर सिंह कंवर, विदेशी सिंह कंवर,उत्तम पटेल,देवीलाल पटेल एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व सरपंच दशरथ सिंह कंवर,एलआईसी एजेंट रुकेश पटेल व मुरली के प्रतिनिधियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को लेकर कुछ नियम भी निर्धारित किए हैं। प्रत्येक ग्रुप में 11 सदस्य होंगे।मटकी फोड़ने के दौरान चोट लगने पर प्रतिभागी स्वयं जिम्मेदार होंगे। नशे की हालत में किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी तथा विवाद की स्थिति में समिति का निर्णय सर्वमान्य रहेगा।समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार पटेल, उपाध्यक्ष मुकेश पटेल,सचिव श्याम पटेल एवं कोषाध्यक्ष/मंच संचालक रजत पटेल सहित सहयोगी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। समिति ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को उत्साह और उमंग के साथ मनाने की अपील की है।





