उद्देश्य कुमार साहू,
अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण, समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर पहल

कोरिया, 21 अक्टूबर, 2026/ आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का सुगम और समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के लिए अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के ऑपरेटरों का एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ऑपरेटरों को पोर्टल की कार्यप्रणाली से अवगत कराना और आवेदन प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं के समाधान में सक्षम बनाना था।
जिला पंचायत के मंथन कक्ष में आयोजित प्रशिक्षण में ई-जिला प्रबंधक श्री राकेश कुमार ने सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन, प्रमाण पत्र और पंजीयन संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में नागरिकों के आवेदन सही तरीके से ऑनलाइन दर्ज करने तथा निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
जिले की 84 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिक आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन तथा एग्रीस्टेक पंजीयन सहित विभिन्न सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्थानीय स्तर पर आवेदन की सुविधा मिलने से नागरिकों के समय और धन की बचत होती है तथा शासकीय कार्यालयों तक बार-बार जाने की आवश्यकता कम होती है।

ई-जिला प्रबंधक श्री राकेश कुमार ने ऑपरेटरों को सेवा सेतु पोर्टल की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नागरिकों की आवश्यकता के अनुसार आवेदन दर्ज कर उन्हें संबंधित सेवाओं का लाभ दिलाया जा सकता है। उन्होंने आवेदन और प्रमाण पत्र संबंधी कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया तथा समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने नागरिकों से अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में ये केंद्र शासकीय सेवाओं तक नागरिकों की पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सेवा सेतु पोर्टल का उद्देश्य शासन की सेवाओं का लाभ नागरिकों तक सरल और सुलभ तरीके से पहुंचाना है।

- Ends ■
