उद्देश्य कुमार साहू,
स्थानीय स्तर पर सुनी जाएंगी नागरिकों की समस्याएं
सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एसडीएम कार्यालय में आयोजन
कोरिया, 14 अक्टूबर 2026 कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव की पहल पर सोनहत विकासखण्ड के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक बुधवार को अनुभाग स्तरीय जनदर्शन आयोजित किया जाएगा। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सोनहत अपने कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनेंगे।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने 13 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। कलेक्टरेट कार्यालय में आयोजित नियमित जनदर्शन के अतिरिक्त की गई यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसका उद्देश्य नागरिकों को स्थानीय स्तर पर अपनी बात रखने का अवसर उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर ने बताया कि सोनहत विकासखण्ड के अनेक क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से दूरस्थ एवं वनांचल में स्थित हैं। इन क्षेत्रों के नागरिकों को अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर जिला मुख्यालय तक आने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए सोनहत में ही जनदर्शन की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है, जिससे प्रशासन तक नागरिकों की पहुँच अधिक सहज हो सके।
श्रीमती यादव ने कहा कि आम नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सोनहत में आयोजित जनदर्शन में नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही और उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही आवेदनों की प्रविष्टि पोर्टल पर की जाएगी, जिससे संबंधित कार्यवाही का अभिलेख उपलब्ध रहेगा।
कलेक्टर के आदेश के परिपालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी, सोनहत ने विकासखण्ड के सभी कार्यालय प्रमुखों को प्रत्येक बुधवार जनदर्शन में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति से आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
आम नागरिक प्रत्येक बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सोनहत के कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
- Ends ■
