एमसीबी। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में ससुर की हत्या का मामला सामने आया है। खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरोंधा में एक दामाद पर अपने ही ससुर की टांगी मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी को मायके से ससुराल नहीं भेजे जाने की रंजिश में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सोते समय ससुर पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात 38 वर्षीय प्रदीप गौड़ अपने ससुर के घर पहुंचा। उस समय ससुर घर में अकेले खाट पर कंबल ओढ़कर सो रहे थे। आरोप है कि पत्नी को ससुराल नहीं भेजे जाने से नाराज प्रदीप गौड़ ने सोते समय उनके सिर पर टांगी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से ससुर की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने घर चला गया। अगली सुबह परिजनों ने खाट पर खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद परिजनों ने खड़गवां थाना पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
साइबर सेल और डॉग स्क्वायड ने की जांच
सूचना मिलने पर खड़गवां थाना पुलिस के साथ साइबर सेल और डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर प्रदीप गौड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी को ससुराल नहीं भेजे जाने की रंजिश में हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टांगी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
- Ends ■
