जनदर्शन में मिले 25 आवेदन, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा-हर प्रकरण का समय-सीमा में हो समाधान

उद्देश्य कुमार साहू, कोरिया, 01 सितंबर 2026 कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामीण

उद्देश्य कुमार साहू,

कोरिया, 01 सितंबर 2026

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में 25 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें वन अधिकार पट्टा, अवैध कब्जा हटाने, सड़क निर्माण एवं दुरुस्तीकरण, अभिलेखों में त्रुटि सुधार, रिकॉर्ड दुरुस्ती सहित विभिन्न जनहित से जुड़े आवेदन शामिल रहे।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता, संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ लिया जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप शीघ्र लाभ एवं राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्राप्त आवेदनों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्री योगेन्द्र श्रीवास, एडीएम श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर श्री डीडी मण्डावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Picture of Uddeshya Sahu

Uddeshya Sahu

error: Content is protected !!