उद्देश्य कुमार साहू,
सोनहत।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनहत में शुक्रवार को देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डी. डी. सिंह ने की। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं,ग्रामवासियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।


समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

विद्यालय के प्राचार्य डी. डी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन देश की एकता और अखंडता के संकल्प के साथ हुआ।





