बारिश के मौसम में सतर्क रहें, बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी : सरपंच संजय राज

कोरबा – मानसून की शुरुआत के साथ ही ग्राम पंचायत बोईदा के सरपंच संजय राज ने पंचायत क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों, अभिभावकों और स्कूली बच्चों

कोरबा – मानसून की शुरुआत के साथ ही ग्राम पंचायत बोईदा के सरपंच संजय राज ने पंचायत क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों, अभिभावकों और स्कूली बच्चों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसों का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करें।सरपंच संजय राज ने कहा कि विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राएं बारिश के दौरान किसी भी प्रकार के जोखिम से बचें। बच्चे तेज बहाव वाले नालों, पुल-पुलियों, तालाबों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास न जाएं।आकाशीय बिजली चमकने या तेज गर्जना होने पर खुले मैदान, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर ही रुकें।उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को मौसम की स्थिति देखकर ही घर से बाहर भेजें तथा स्कूल आने-जाने के दौरान उन पर विशेष निगरानी रखें। ग्रामीणों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, जलभराव, टूटे हुए बिजली के तार या अन्य खतरे की जानकारी तत्काल पंचायत अथवा संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।सरपंच संजय राज ने कहा कि ग्राम पंचायत बोईदा हमेशा ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पंचायतवासियों से अपील की कि बरसात के मौसम में अफवाहों पर ध्यान न दें,सुरक्षित रहकर दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।

सतर्कता ही सुरक्षा है। बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियां बचा सकती है।” — संजय राज, सरपंच, ग्राम पंचायत बोईदा

Picture of Pinku

Pinku

error: Content is protected !!