वाहन जांच अभियान में पसान पुलिस की कार्रवाई: नशे में धुत बस चालक गिरफ्तार,डिक्की से 11 बकरियां बरामद; पुलिस ने बस की जप्त

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक यात्री बस पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बस को जप्त

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक यात्री बस पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बस को जप्त कर लिया। जांच के दौरान बस चालक शराब के नशे में धुत मिला, वहीं बस की डिक्की से 11 बकरियां अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाते हुए बरामद की गईं। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 तथा अवैध पशु परिवहन एवं पशु क्रूरता से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को थाना प्रभारी एएसआई चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ पसान मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चला रहे थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के दौरान पेंड्रा से कोरबा आ रही जय श्री बस सर्विस की बस को रोककर जांच की गई।

ब्रेथ एनालाइजर जांच में नशे की पुष्टि

पुलिस ने चालक की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की, जिसमें वह अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया। बस में मौजूद यात्रियों ने भी बताया कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चला रहा था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया गया।

बस की डिक्की की तलाशी लेने पर पुलिस को 11 बकरियां ठूंसकर भरी हुई मिलीं। पूछताछ में पता चला कि एक यात्री इन्हें अवैध रूप से परिवहन कर रहा था और इसके लिए बस संचालक को अलग से पैसे भी दिए गए थे। पुलिस ने बकरियों को जब्त कर अवैध पशु परिवहन एवं पशु क्रूरता के मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

थाना प्रभारी एएसआई चंद्रपाल खांडे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों और अवैध पशु परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Picture of Pinku

Pinku

error: Content is protected !!