कोरिया। जिले के सोनहत जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत लटमा में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में उस समय एक अजीबोगरीब मांग चर्चा का विषय बन गई, जब एक युवा ग्रामीण ने शासन-प्रशासन को आवेदन देकर शराब की बोतलों पर मुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री की फोटो लगाए जाने की मांग कर डाली।
मिली जानकारी के अनुसार, समाधान शिविर में पहुंचे युवक ने अपने आवेदन में उल्लेख किया कि जिस प्रकार विभिन्न सरकारी योजनाओं और प्रचार सामग्री में जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें प्रदर्शित की जाती हैं, उसी प्रकार शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीर लगाई जानी चाहिए। आवेदन सामने आते ही शिविर में मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीणों के बीच इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई।
युवक द्वारा की गई इस मांग को कई लोगों ने व्यंग्यात्मक विरोध का तरीका बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे शराब नीति और उसके प्रचार-प्रसार को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त करने का माध्यम माना। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया के लिए दर्ज कर लिया है।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविरों में आमतौर पर सड़क, बिजली, पानी, राशन, पेंशन और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन आते हैं, लेकिन लटमा शिविर में सामने आई यह मांग पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि इस अनोखे आवेदन पर शासन स्तर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।