बैकुंठपुर (कोरिया)। कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में पत्नी का मुंडन कर उसके सिर पर पेशाब करवाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब आरोपी द्वारा अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में आरोपी पत्नी के हाथ-पैर बांधकर उसका मुंडन करता और बच्चे से उसके सिर पर पेशाब करवाता नजर आया था।
पीड़िता की शिकायत पर पटना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





