बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने सशक्त ऐप की मदद से बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। ACCU और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर बाइक चोरों सहित चोरी के वाहन खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बिल्हा, सिरगिट्टी और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों से चोरी की गई तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में सिंधी कॉलोनी निवासी दीपक दास मानिकपुरी की एक्टिवा स्कूटी बिलासा छात्रावास के सामने शीतला माता मंदिर के पास से चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग बेहद कम कीमत पर संदिग्ध दोपहिया वाहनों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ACCU और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। संदिग्ध वाहनों का सत्यापन सशक्त ऐप के माध्यम से किया गया, जिसमें वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी के पाए गए।पूछताछ में आरोपी दुर्गेश निषाद और ईश्वर निषाद ने बिल्हा थाना क्षेत्र के दगौरी से एक मोटरसाइकिल चोरी करने, वर्ष 2023 में सिविल लाइन क्षेत्र से एक्टिवा स्कूटी चोरी कर बेचने तथा तोरवा क्षेत्र से एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी की बाइक खरीदने के आरोप में आशुतोष कुमार मिरी और लक्ष्मण विश्वकर्मा उर्फ गोविंदा को भी गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीनों चोरी के वाहन बरामद कर लिए। चारों आरोपियों को 30 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बरामद वाहनएक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 10 JD 3517
हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EE 2063
मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BN 1522
पुलिस ने बताया कि सशक्त ऐप के प्रभावी उपयोग से चोरी के वाहनों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका, जिससे बाइक चोरी के मामलों के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली।





