सीपत (सतीश यादव)। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्द्रपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना सीपत में गणेश उत्सव समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आसपास के क्षेत्रों की गणेश उत्सव समितियों के सदस्य, ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं प्रेस-मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पूरे उत्सव के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखें। गणेश प्रतिमाओं के लिए पंडाल सड़क पर इस तरह न लगाए जाएं, जिससे यातायात बाधित हो अथवा लोगों को आने-जाने में परेशानी हो।

समितियों को विद्युत कनेक्शन वैध तरीके से लेने और विद्युत व्यवस्था की अच्छी तरह जांच कराने के निर्देश दिए गए, ताकि करंट लगने जैसी दुर्घटनाओं से जनहानि को रोका जा सके। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित डेसिबल सीमा और समय-सीमा का पालन करने तथा सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करने को कहा गया। डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने समितियों से कहान कि भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए साफ-सुथरी छवि वाले ऐसे वालंटियर नियुक्त करें, जिनकी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि न हो। नशा करने वाले व्यक्तियों को समिति अथवा वालंटियर के रूप में शामिल नहीं किया जाए।
इसके अलावा भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक मैसेज और सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित नहीं करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचने की हिदायत दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकतानुसार गणेश पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पंडाल में ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में महिलाओं एवं बच्चों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। शोभायात्रा एवं विसर्जन के दौरान नशे का सेवन किए हुए व्यक्तियों को शामिल नहीं करने तथा जुलूस में हथियार अथवा प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




