कोरबा। विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत बोईदा के शासकीय प्राथमिक शाला डिपरापारा में ग्राम पंचायत के सरपंच संजय राज ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनका नाम, पता एवं पढ़ाई से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। साथ ही बच्चों से यह भी जानकारी ली कि शिक्षक प्रतिदिन समय पर विद्यालय आते हैं या नहीं।निरीक्षण के दौरान सरपंच ने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन, रसोई व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं विद्यालय परिसर का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

उन्होंने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।इस दौरान डिपरापारा प्राथमिक शाला में पदस्थ दोनों शिक्षकों से भी चर्चा की गई। सरपंच ने शिक्षक ओमप्रकाश खाण्डे की नियमित उपस्थिति, अनुशासित कार्यशैली एवं बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षकों के कारण विद्यालय का शैक्षणिक स्तर बेहतर हो रहा है।बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए सरपंच संजय राज ने उन्हें चॉकलेट वितरित की और नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण एवं सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है।सरपंच संजय राज ने कहा कि ग्राम पंचायत बोईदा के सभी शासकीय विद्यालयों का प्रतिदिन नियमित निरीक्षण किया जाएगा। पंचायत स्तर पर हर दिन किसी न किसी विद्यालय का दौरा कर शिक्षकों की समय पर उपस्थिति, विद्यार्थियों की पढ़ाई, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जा सके।

ग्रामीणों ने सरपंच की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालयों के नियमित निरीक्षण से शिक्षकों की जवाबदेही बढ़ेगी, बच्चों की पढ़ाई में सुधार होगा तथा पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।





