कोरबा – ग्राम बोईदा के गुड़ी चौक एवं बस स्टैंड में हलषष्ठी (कमरछठ) का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माताओं ने संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखा और सगरी बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।पूजा के दौरान महिलाओं ने सगरी की परिक्रमा कर पारंपरिक गीत गाए। पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। पूजा में पसहर चावल, छह प्रकार की भाजी, महुआ, चना, भैंस का दूध, दही, घी, जौ, गेहूं, धान एवं मक्का सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की गई।
इस दौरान बच्चों की पीठ पर छुई का पोता लगाकर उन्हें आशीर्वाद दिया गया। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत तोड़ा।इस अवसर पर व्रती महिलाओं अनिता मरावी,पुष्पा ध्रुव,रामकली कैवर्त, सरस्वती श्रीवास,अंजू श्रीवास, प्रियंका जायसवाल, रितु यादव, ज्योति श्रीवास, राधा बाई, नेहा मरावी, सविता मरावी, सरोज मरावी, रुक्मणी कुर्रे, सुमित्रा ओग्रे, गंगा बाई मरावी एवं मंजूषा यादव सहित अन्य महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संतान की सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की।व्रती महिलाओं ने बताया कि कमरछठ के अवसर पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। पर्व को लेकर गांव में पूरे दिन धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।





