बैकुंठपुर पटना में बाढ़ की फर्जी खबर फैलाने पर प्रशासन सख्त, थाने में शिकायत

कोरिया। नगर पंचायत पटना क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति होने का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे वीडियो को प्रशासन ने



कोरिया। नगर पंचायत पटना क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति होने का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे वीडियो को प्रशासन ने फर्जी, भ्रामक एवं निराधार बताया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत पटना की ओर से थाना प्रभारी पटना को लिखित शिकायत भेजकर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच कराने और दोषियों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम सहित अन्य माध्यमों पर एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें पटना (बैकुण्ठपुर) क्षेत्र में महानदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ने तथा बाढ़ की स्थिति निर्मित होने का दावा किया जा रहा है। प्रशासन ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है। प्रशासन के अनुसार नगर पंचायत पटना क्षेत्र में वर्तमान में बाढ़, जलभराव अथवा किसी अन्य प्रकार की आपदा जैसी स्थिति नहीं है और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनी हुई है।

वर्तमान स्थिति से संबंधित नहीं है वायरल वीडियो

प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो पटना क्षेत्र की वर्तमान स्थिति का नहीं है। पुराने अथवा किसी अन्य स्थान के वीडियो को पटना क्षेत्र से जोड़कर प्रसारित किए जाने से लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसी भ्रामक सूचनाओं से आमजन में दहशत फैलने के साथ-साथ क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती है।

सत्यंदाज न्यूज़

इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच की मांग

नगर पंचायत पटना की ओर से थाना प्रभारी को भेजी गई शिकायत में संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट/हैंडल की तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही वीडियो अपलोड करने वाले अज्ञात व्यक्ति अथवा अकाउंट संचालक की पहचान कर उसके विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानबूझकर झूठी एवं भ्रामक जानकारी प्रसारित कर लोगों में भय या दहशत का माहौल बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से अपुष्ट खबरों से बचने की अपील

नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बाढ़, भारी बारिश, आपदा अथवा किसी अन्य आपात स्थिति से संबंधित अपुष्ट वीडियो और संदेशों पर तत्काल विश्वास न करें और उन्हें आगे साझा करने से बचें। किसी भी संवेदनशील सूचना की पुष्टि प्रशासन, पुलिस या अन्य अधिकृत शासकीय माध्यमों से करने के बाद ही उसे सही मानें। प्रशासन ने दोहराया है कि नगर पंचायत पटना क्षेत्र में वर्तमान में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सामग्री के कारण अनावश्यक रूप से भयभीत न हों।

Picture of दिनेश कांशी

दिनेश कांशी

"दिनेश कांशी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। डिजिटल मीडिया की गहरी समझ और खबरों को निष्पक्षता से पेश करने के उनके अनुभव ने 'भारत की आवाज़' को एक नई पहचान दी है। वे पत्रकारिता की सटीकता और सत्यता को सर्वोपरि मानते हैं।"
error: Content is protected !!