कोरिया/बैकुंठपुर। जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। बैकुंठपुर के कई पेट्रोल पंपों में वाहनों पर केवल 200 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। हालत यह है कि सुबह से ही पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और वाहन चालक घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक लागू हुई इस सीमा से रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है। बाइक सवारों को बार-बार अलग-अलग पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार तेल कंपनियों द्वारा सीमित सप्लाई और बढ़ती मांग के कारण कई जगहों पर राशनिंग की स्थिति बनाई गई है। देश के कई राज्यों में भी इसी तरह 100 से 200 रुपये तक पेट्रोल देने की खबरें सामने आई हैं।
प्रशासन की ओर से कालाबाजारी रोकने के लिए बोतल, ड्रम और गैलन में पेट्रोल-डीजल देने पर सख्ती की जा रही है। कई जिलों में पेट्रोल पंप संचालकों को सीमित मात्रा में ही ईंधन बिक्री के निर्देश दिए गए हैं।
पेट्रोल पंपों में बढ़ती भीड़ के कारण अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए हैं। लोगों में आशंका है कि आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है। हालांकि तेल कंपनियों का दावा है कि सप्लाई सामान्य है और लोगों से घबराहट में अधिक खरीदारी नहीं करने की अपील की गई है।





