कोरबा। कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा के अंतिम छोर एवं ग्राम पंचायत सिरली की सीमा पर हरदीबाजार–बिलासपुर मुख्य मार्ग स्थित पितनी नदी पुल वर्षों से बदहाल स्थिति में है। पुल की रेलिंग लंबे समय से टूटी और क्षतिग्रस्त पड़ी है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते यह पुल अब लोगों के लिए खतरे का कारण बनता जा रहा है।बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। तेज बारिश के दौरान नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बेहद जोखिम भरा हो जाता है। प्रतिदिन इस पुल से ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी और छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार पहले भी कई बार दुर्घटना जैसी स्थितियां बन चुकी हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है।ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार क्यों कर रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुल की रेलिंग का पुनर्निर्माण, आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पितनी नदी पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए, टूटी रेलिंग का निर्माण कराया जाए तथा भविष्य में बरसाती जलभराव की समस्या को देखते हुए पुल की ऊंचाई भी बढ़ाई जाए। साथ ही बारिश के दौरान चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





