कोरबा। ग्राम पंचायत बोईदा गुड़ी चौक में भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। रथयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व आचार्य पंडित संतोष तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके पश्चात ग्राम पंचायत के सरपंच संजय राज ने पूजा-अर्चना कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया और रथयात्रा का शुभारंभ किया।

रथयात्रा के दौरान लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को भींगा नहीं सकी। तेज बारिश के बीच सरपंच संजय राज स्वयं ग्रामीणों, युवाओं, बच्चों के साथ भगवान जगन्नाथ का रथ खींचते हुए यात्रा में शामिल हुए। पूरे गांव में “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय माहौल से वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया।

रथयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, खुशहाली तथा सभी के स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की। बच्चों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ खींचकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।इस अवसर पर ग्रामवासियों ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सामूहिक आस्था का प्रतीक है। बारिश के बीच निकली यह रथयात्रा गांववासियों के लिए लंबे समय तक यादगार बनी रहेगी।

सरपंच संजय राज ने कहा, “सरपंच बनने के बाद भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में रथ खींचने का यह मेरा प्रथम अवसर है। प्रभु जगन्नाथ की असीम कृपा मेरे समस्त ग्रामवासियों पर सदैव बनी रहे तथा गांव में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।”आचार्य पंडित संतोष तिवारी ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न कराते हुए भगवान जगन्नाथ से समस्त ग्रामवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की।





