मीरा रिजॉर्ट के बाहर विवाद के बाद वारदात, उपचार के दौरान युवक की मौत; हत्या का मामला दर्ज
कोरबा। जिले में एक जन्मदिन की पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब आपसी विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त को बोलेरो कैंपर वाहन से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10–12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल कुमार सिंह (36 वर्ष), पिता चंद्रमा सिंह, निवासी दीपका के बीच कहासुनी हो गई।बताया जा रहा है कि पार्टी समाप्त होने के बाद सभी युवक रिजॉर्ट के बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया।

मृतक दीपका निवासी उज्जवल कुमार सिंह
इसी दौरान गुस्से में तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन को उज्जवल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ाकर मौके से फरार हो गया।घटना के बाद मौजूद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्जवल को तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के विरुद्ध हत्या की धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फरार आरोपी और वाहन की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। मामले की विवेचना जारी है।





