कोरिया//मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बहुचर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे चार मुख्य आरोपियों ने शनिवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इससे पहले चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
इन आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस के समक्ष सरेंडर करने वाले आरोपियों में शामिल हैं:
- मनोज त्रिपाठी
- अमन त्रिपाठी
- आशुतोष त्रिपाठी
- निशांत त्रिपाठी
16 जून की रात हुई थी वारदात
16 जून की रात नौगई क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने भाजपा नेता समेत तीन लोगों की कार को घेर लिया। आरोप है कि कार का दरवाजा बाहर से बंद कर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था।
अब रिमांड पर होगी पूछताछ
पुलिस सरेंडर करने वाले चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान घटना की साजिश, योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।
एक आरोपी अब भी फरार
मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





