उद्देश्य कुमार साहू ,
कोरिया, आगामी विधानसभा मानसून सत्र 2026 के सुचारु संचालन एवं विधानसभा प्रश्नों के समयबद्ध निराकरण को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अवकाश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश ज़ारी किए है।
जारी आदेश के अनुसार विधानसभा मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक संचालित रहेगा। इस अवधि में किसी भी शासकीय अधिकारी अथवा कर्मचारी को नियमित अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। साथ ही मुख्यालय छोड़ने पर भी पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जारी आदेशानुसार अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही संबंधित अधिकारी को कलेक्टर की पूर्व अनुमति प्राप्त पश्चात अवकाश प्राप्त कर सकता है।
इसके अतिरिक्त सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि विधानसभा प्रश्नों के उत्तर समय-सीमा में तैयार कर प्रेषित करने के लिए अपने-अपने विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त करें तथा फैक्स एवं ई-मेल के माध्यम से प्राप्त होने वाली सूचनाओं का त्वरित संकलन एवं प्रेषण सुनिश्चित करें। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी कलेक्टर कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारी निर्धारित तिथियों पर कार्यालय कलेक्टर, कोरिया के कक्ष क्रमांक-07 (अधीक्षक शाखा) में रहकर विधानसभा प्रश्नों के उत्तर समय-सीमा में प्राप्त करने तथा रायपुर से प्राप्त प्रश्नों के लिए दायित्व सौंपा गया है –
- 13 जुलाई 2026 (सोमवार): जिला पंचायत, कोरिया
- 14 जुलाई 2026 (मंगलवार): सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला कोरिया
- 15 जुलाई 2026 (बुधवार): कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHED) खंड बैकुंठपुर
- 16 जुलाई 2026 (गुरुवार): जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, बैकुंठपुर
- 17 जुलाई 2026 (शुक्रवार): कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन संभाग, बैकुंठपुर





