उद्देश्य कुमार साहू,
कलेक्टर से शिकायत की तैयारी पूरी, ढोड़गी तालाब गहरीकरण कार्य की जांच की मांग
सोनहत/कोरिया। सूत्रो की माने तो जनपद पंचायत सोनहत अंतर्गत ग्राम मेंड्रा में चल रहे ढोड़गी तालाब गहरीकरण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और फर्जी हाजिरी लगाए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर कोरिया को शिकायत पत्र सौंपने की पूरी तैयारी कर पुराने मेट को हटाने और पूरे कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम मेंड्रा में कई वर्षों से एक ही मेट कार्य कर रहा है। वर्तमान में तालाब गहरीकरण कार्य में लगभग 40 से 50 मजदूरों पर 3 मेट नियुक्त किए गए हैं, जिनके माध्यम से फर्जी हाजिरी भरी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मजदूरों के स्थान पर उनके परिजनों के नाम से भी हाजिरी डाली जा रही है और मौके पर मौजूद हुए फोटो अपलोड किए जा रहे हैं।


ग्रामीणों ने बताया कि जनपद पंचायत सोनहत द्वारा 8 जुलाई 2025 को जारी आदेश क्रमांक 2291/मनरेगा/स्था./2025-26 में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि एक वर्ष से अधिक समय से कार्यरत मेटों को हटाकर नई गाइडलाइन के अनुसार महिला मेटों को प्राथमिकता देते हुए नई नियुक्ति की जाए। इसके बावजूद पुराने मेट द्वारा कार्य जारी रखा जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि पुराने मेट को तत्काल हटाकर नए मेट की नियुक्ति की जाए तथा ढोड़गी तालाब गहरीकरण कार्य का मूल्यांकन किसी अन्य तकनीकी सहायक से कराया जाए, ताकि कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ सके।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत सोनहत द्वारा जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि मनरेगा कार्यों में महिला मेटों को प्राथमिकता दी जाए और एक वर्ष से अधिक समय से कार्यरत मेटों को हटाकर नए पैनल का गठन किया जाए। आदेश का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।





