सत्यंदाज न्यूज़ बैकुंठपुर/कोरिया/ ग्राम पंचायत पोटेडांड में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पंचायत के 12 पंचों ने प्रशासन के समक्ष आवेदन सौंपा है। पंचों ने सरपंच के प्रति अविश्वास जताते हुए नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
पंचों द्वारा दिए गए आवेदन में सरपंच दुर्गावती सिंह के करीब डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
आवेदन में पंचों ने आरोप लगाया है कि 15वें वित्त योजना की राशि का नियमों के विपरीत उपयोग किया गया। आवेदन के अनुसार एक निर्माण कार्य में 3 लाख 27 हजार 300 रुपये तथा 1 लाख 40 हजार रुपये, कुल 4 लाख 67 हजार 300 रुपये का भुगतान किया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत भवन, पटवारी भवन और स्कूलों के बाउंड्रीवाल के कार्यों में 1 लाख 48 हजार रुपये की राशि के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
पंचों ने ग्राम पंचायत भवन निर्माण कार्य में 6 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत मुख्यालय में अटल डिजिटल सेवा सेंटर (सीएससी) भवन निर्माण के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये की राशि के उपयोग का भी आवेदन में उल्लेख किया है। पंचों का आरोप है कि इन कार्यों में अपेक्षित स्तर पर काम नहीं हुआ और राशि के उपयोग में अनियमितता की गई।
पंचों का कहना है कि पंचायत की मासिक बैठकों में विकास कार्यों और योजनाओं से संबंधित जानकारी मांगे जाने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं दी जाती। इन्हीं मुद्दों को आधार बनाते हुए 12 पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है।
पंचों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर को आवेदन सौंपकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। आवेदन की प्रतिलिपि संबंधित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत अधिकारियों को भी भेजी गई है।
अब प्रशासन द्वारा आवेदन पर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया की जाएगी। आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच एवं प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।





