कोरबा। जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार सुबह शहर के व्यस्त सीएसईबी चौक पर एक दर्दनाक हादसे में ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार बुरी तरह कुचल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 04 MS 2996 नो-एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश कर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने स्कूटी क्रमांक CG 12 AX 0386 को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन खड़ा कर सीधे पास स्थित सीएसईबी चौकी में चला गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा उस पर नहीं फूटा। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा नो-एंट्री के दौरान ट्रक के प्रवेश को लेकर भी जांच की जा रही है।
ब्रेकिंग अपडेट: मृतक की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।





