बिना ड्राइवर दौड़ा ट्रेलर, रोकने के प्रयास में फिसला पैर, पहियों तले कुचलकर चालक की मौत…देखिए पूरी खबर

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की अपने ही वाहन के पहियों के नीचे

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की अपने ही वाहन के पहियों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 12 AW 2243 मानिकपुर खदान से कोयला लेकर बालको प्लांट पहुंचा था। दोपहर करीब 1 बजे चालक संतोष कुमार खैरवार (47) निवासी कोरबा, रिंग रोड स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर खड़ा कर नीचे उतरा। इसी दौरान ट्रेलर अचानक बिना चालक के आगे बढ़ने लगा।

ट्रेलर रोकने के प्रयास में हुआ हादसा

वाहन को आगे बढ़ता देख संतोष कुमार उसे रोकने के लिए दौड़ा, लेकिन जल्दबाजी में उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे ट्रेलर के पिछले पहियों के नीचे आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चश्मदीदों ने बताई हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने ट्रेलर को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं हो सका। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ब्रेक नहीं लगने और सड़क पर फिसलन हादसे की वजह मानी जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

रिंग रोड पर लगातार बढ़ रहे हादसे

स्थानीय लोगों का कहना है कि बालको रिंग रोड पर कोयला परिवहन करने वाले ट्रेलर, डंपर और हाइवा की लगातार आवाजाही रहती है। भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के बावजूद प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण और गति पर निगरानी नहीं होने से आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। पिछले पांच दिनों में यह रिंग रोड पर दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Picture of Pinku

Pinku

error: Content is protected !!